देहरादून वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर जनपद पुलिस द्वारा चलाया जा रहा “ऑपरेशन प्रहार” लगातार जारी है। तेज बारिश और प्रतिकूल मौसम के बावजूद दून पुलिस के जवान रात-दिन मुस्तैदी के साथ आमजन की सुरक्षा में जुटे हुए हैं। अभियान के तहत जनपद के अंतरजनपदीय एवं अंतरराज्यीय चेकपोस्टों के साथ-साथ शहर के विभिन्न आंतरिक मार्गों पर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया।

पुलिस द्वारा बाहरी राज्यों से जनपद में प्रवेश करने वाले वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की जा रही है। चेकिंग के दौरान वाहनों के दस्तावेजों का सत्यापन, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी तथा यात्रियों से आवश्यक पूछताछ की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य आपराधिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।

अभियान के दौरान प्रमुख प्रवेश मार्गों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन क्षेत्रों तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती गई। पुलिस टीमों ने देर रात तक विभिन्न स्थानों पर बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की और संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया। साथ ही होटल, ढाबों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास भी निगरानी बढ़ाई गई।
एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट किया है कि अपराधों की रोकथाम, असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई और नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के लिए ऑपरेशन प्रहार आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बारिश, ठंड या अन्य किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति के बावजूद पुलिस कर्मी पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *