उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकेश स्थित चार धाम यात्रा ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण कर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया. मुख्यमंत्री धामी ने ट्रांजिट कैंप में मौजूद देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर उनकी यात्रा संबंधी समस्याओं और अनुभवों की जानकारी ली. साथ ही चारधामों के दर्शन कर लौटे यात्रियों से सुरक्षा, सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक भी प्राप्त किया. मुख्यमंत्री के अचानक ट्रांजिट कैंप पहुंचने से वहां मौजूद श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कई श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना की, जबकि कुछ ने अपने सुझाव भी साझा किए. मुख्यमंत्री ने यात्रियों की बातों को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. इस दौरान श्रद्धालुओं के आग्रह पर उन्होंने उनके साथ तस्वीरें और सेल्फी भी खिंचवाईं. निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार चार धाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है. उन्होंने कहा कि यात्रा वर्तमान में सुचारू रूप से संचालित हो रही है और सरकार का लक्ष्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करना है. मुख्यमंत्री ने मौके पर उपस्थित अधीनस्थ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि यात्रा व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों से लगातार निगरानी बनाए रखने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सतर्क रहने को कहा. मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की पहचान और आस्था का सबसे बड़ा केंद्र है. लाखों श्रद्धालु देश-विदेश से देवभूमि पहुंचते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. Post Views: 6 Post navigation देश की आत्मा गाँवों में बसती है, नागरिकों के सपने शहरों में आकार लेती हैं : सीएम धामी मसूरी में मंत्री गणेश जोशी की अहम बैठक, अधिकारियों को दिए निर्देश