प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशभर में ऊर्जा संरक्षण और ईंधन बचत को लेकर दिए गए संदेश के क्रम में अब रुद्रपुर नगर निगम भी इस अभियान में जुड़ रहा है। महापौर विकास शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम में प्रत्येक शनिवार को “नो व्हीकल डे” के रूप में मनाया जाएगा। महापौर विकास शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में नगर निगम प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य ईंधन की बचत, पर्यावरण संरक्षण और आमजन में जागरूकता बढ़ाना है। महापौर ने बताया कि नगर निगम के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी प्रत्येक शनिवार को कार्यालय आने-जाने के लिए निजी पेट्रोल-डीजल वाहनों का उपयोग नहीं करेंगे। इसके स्थान पर कर्मचारी साइकिल, ई-रिक्शा, सार्वजनिक परिवहन अथवा पैदल कार्यालय पहुंचने के लिए प्रेरित किए जाएंगे। महापौर ने कहा कि आज तेजी से बढ़ते प्रदूषण और ईंधन की खपत को देखते हुए यह पहल समय की आवश्यकता है। यदि समाज का हर वर्ग सप्ताह में एक दिन भी निजी वाहन का उपयोग कम करे तो इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ईंधन की बड़ी बचत संभव है। उन्होंने कहा कि नगर निगम स्वयं इस अभियान की शुरुआत कर जनता के सामने उदाहरण प्रस्तुत करेगा। साथ ही भविष्य में शहरवासियों को भी इस मुहिम से जोड़ने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। Post Views: 9 Post navigation नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ सीमांत क्षेत्रों में नए विश्वास, पर्यटन और रोजगार का बनेगा माध्यम- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देवप्रयाग क्षेत्र में वाहन दुर्घटना पर पुलिस एवं एसडीआरएफ का रेस्क्यू अभियान जारी